ग्वालियर।
शहर में लगातार हो रही तेज बारिश ने बुधवार तड़के बड़ा हादसा कर दिया। गुढ़ा इलाके के डांग वाले बाबा पहाड़ी पर बने एक कच्चे मकान के अचानक ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में मकान मालिक राकेश कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे बाल-बाल बच गए।
आधी रात में हादसा, पूरा मकान जमींदोज
जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात करीब 1 बजे हुई। पास में रहने वाले परिहार परिवार का आधा मकान अचानक ढहकर राकेश कुशवाहा के कच्चे मकान पर जा गिरा। इस झटके से पूरा मकान धराशायी हो गया। राकेश कुशवाहा (पेशे से पेंटर) अपनी पत्नी शशि और दो बेटों प्रदीप व अन्य के साथ सो रहे थे। हादसे में राकेश के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे सुरक्षित निकल आए।
गृहस्थी का सामान मलबे में दबा
मकान के गिरने से राकेश के परिवार की पूरी गृहस्थी मलबे में दब गई। घर का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया और परिवार अब बेघर हो गया है। पड़ोसियों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए भेजा गया।
पानी की निकासी पर उठे सवाल
घायल राकेश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि पड़ोसी परिहार परिवार ने पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की। लगातार हो रही बारिश के कारण पानी नीचे बैठ गया और इससे मकान कमजोर होकर गिर गया।
पिछले 48 घंटों से शहर में रुक-रुककर हो रही भारी बारिश ने पुराने और कच्चे मकानों की हालत और खराब कर दी है।
प्रशासन से मदद की गुहार
हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मदद और पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के चलते इलाके में कई कच्चे मकान जर्जर स्थिति में हैं और कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे में प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।