श्रीकाकुलम मंदिर में एकादशी पर भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की मौत — मातम में डूबा आंध्र प्रदेश

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

श्रीकाकुलम मंदिर में एकादशी पर भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की मौत — मातम में डूबा आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शनिवार को एकादशी के पावन अवसर पर वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ अचानक अफरातफरी में बदल गई। कुछ ही पलों में श्रद्धा का उत्सव चीख़-पुकार में तब्दील हो गया। मंदिर परिसर में मची भगदड़ में अब तक कम से कम 9 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

भक्तों की भारी भीड़ बनी हादसे की वजह

हर साल की तरह इस बार भी एकादशी पर वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। सुबह से ही दर्शन और पूजा के लिए मंदिर परिसर के बाहर लंबी कतारें लगी थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही मंदिर के पट खुले, लोग अंदर जाने के लिए तेजी से आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान किसी के फिसल जाने से पीछे से धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई।कुछ ही मिनटों में पूरा मंदिर परिसर अफरातफरी में बदल गया। श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। कई लोग मंदिर की दीवारों और सीढ़ियों से टकरा गए।

मंदिर परिसर में मंजर हुआ भयावह

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भगदड़ के बाद का नज़ारा बेहद डरावना था। चारों ओर चीख़-पुकार मची हुई थी। लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। कई श्रद्धालु जमीन पर बेसुध पड़े थे, जबकि कुछ घायल लोग दूसरों को संभालने की कोशिश कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में इस दर्दनाक घटना की झलक दिखाई देती है। जिसमे दो महिला श्रद्धालु मंदिर परिसर में गिर पड़ी नजर आ रही हैं, जबकि कुछ लोग उन्हें सीपीआर देकर सांसें वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। चारों ओर टूटी हुई चप्पलें, बिखरे कपड़े और पूजन सामग्री फैली हुई है। एक मासूम बच्चा बेहोश पड़ा दिखता है। एक महिला उसे होश में लाने की कोशिश करती दिख रही है, लेकिन चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है।

Also Read

प्रशासन ने तुरंत संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मंदिर परिसर को फिलहाल खाली करा दिया गया है और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश भी दे दिए हैं।

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने जताया गहरा दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा — “वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से मन व्यथित है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों को तुरंत हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रशासन को राहत कार्य तेज करने और घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहने देने का आदेश दिया गया है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, सवाल उठे व्यवस्था पर

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर प्रबंधन को पहले से अनुमान लगाना चाहिए था कि एकादशी जैसे पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतज़ाम नहीं किए गए। कई लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की लापरवाही ने यह त्रासदी जन्म दी।

भविष्य में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग

इस हादसे ने एक बार फिर धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि भीड़ नियंत्रण के लिए ठोस प्रबंधन जरूरी है, खासकर ऐसे पर्वों पर जब लाखों श्रद्धालु जुटते हैं।

फिलहाल श्रीकाकुलम का यह इलाका मातम में डूबा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एकादशी के इस पावन दिन पर श्रद्धा के उत्सव की जगह अब सिर्फ़ आंसू और शोक की लहर दिखाई दे रही है।

 

Top Stories
Related Post