पुतिन आज दिल्ली पहुंचेंगे, जानें खास डिनर में क्या होने वाला है यहाँ

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

पुतिन आज दिल्ली पहुंचेंगे, जानें खास डिनर में क्या होने वाला है यहाँ

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज भारत की दो दिनी यात्रा पर शाम 4 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक राजनीति और भारत–अमेरिका संबंधों में तेज बदलाव देखे जा रहे हैं। भारत और रूस के बीच सामरिक, रक्षा और आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने वाली यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

PM मोदी की ओर से पुतिन के लिए विशेष डिनर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में गुरुवार की शाम एक प्राइवेट डिनर की मेजबानी करेंगे। यह डिनर दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच व्यक्तिगत समीपता और रणनीतिक विश्वास को दर्शाता है। पुतिन की यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत–रूस साझेदारी को और मजबूत करना है।

शुक्रवार को 23वीं भारत–रूस शिखर वार्ता

पुतिन का आधिकारिक स्वागत शुक्रवार सुबह किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में 23वीं भारत–रूस शिखर वार्ता आयोजित होगी। इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है जिसमें रक्षा सहयोग को मजबूत करना, द्विपक्षीय व्यापार को बाहरी दबावों से सुरक्षित रखना, छोटे आकार के मॉड्यूलर न्यूक्लियर रिएक्टर पर संभावित सहयोग  और रूसी कच्चे तेल के आयात से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हो सकती है। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए औपचारिक लंच की मेजबानी करेंगे। पुतिन सुबह राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी देंगे।

भारत–अमेरिका तनाव के बीच बढ़ता रूस–भारत सहयोग

यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 50% तक का आयात शुल्क बढ़ा दिया है। इसमें रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर अतिरिक्त 25% शुल्क भी शामिल है। इसे देखते हुए भारत–अमेरिका संबंध दो दशक में संभवतः अपने सबसे कठिन चरण में हैं। इसी पृष्ठभूमि में पुतिन की यह यात्रा भारत–रूस संबंधों को और गति देने का अवसर पैदा करती है। शिखर वार्ता में रूस से बड़े पैमाने पर कच्चा तेल खरीदने के कारण बढ़ते व्यापार घाटे का मुद्दा भी भारत उठा सकता है।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

पुतिन की यात्रा को देखते हुए राजधानी दिल्ली में बहुस्तरीय सुरक्षा लागू की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की प घड़ी में  दिल्ली पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और रूसी सुरक्षा टीमों की संयुक्त निगरानी, पुतिन के संभावित रूट और ठहराव स्थलों पर सख्त सुरक्षा, राजधानी में SWAT टीम, एंटी-टेरर स्क्वॉड और क्विक रिस्पॉन्स टीम की तैनाती की गई है।शहरभर में ड्रोन और CCTV के जरिए निगरानी रखी जाएगी। रूसी सुरक्षा दल के 50 से अधिक अधिकारी पहले ही दिल्ली पहुंचकर प्रोटोकॉल व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ट्रैफिक प्लान भी जारी करेगी ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।

28 घंटे की यात्रा के बाद वापसी

शिखर वार्ता पूरी होने के बाद पुतिन शुक्रवार रात लगभग 9:30 बजे भारत से प्रस्थान करेंगे। भारत में रूसी सरकारी प्रसारक के नए इंडिया चैनल का शुभारंभ भी पुतिन द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राज्य भोज आयोजित करेंगी।

Top Stories
Related Post