आइजोल को मिली बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने रेल लाइन सहित कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

आइजोल को मिली बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने रेल लाइन सहित कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

आइजोल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पूर्वोत्तर के दौरे पर मिजोरम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बैराबी–सैरांग रेल लाइन सहित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। हालांकि खराब मौसम के कारण पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से लामुआल ग्राउंड तक नहीं पहुंच पाए और उन्हें लेंगपुई एयरपोर्ट से ही डिजिटल माध्यम से जनसभा को संबोधित करना पड़ा।

मिजोरम के लिए ऐतिहासिक दिन

प्रधानमंत्री ने कहा, “मिजोरम के अद्भुत लोगों को नमस्कार। मैं सर्वोच्च देवता पथियन को नमन करता हूं। दुर्भाग्य से, खराब मौसम के कारण मैं सीधे आइजोल नहीं आ सका, लेकिन मैं यहां से आपके स्नेह को महसूस कर सकता हूं। मिजोरम के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि अब आइजोल रेल मानचित्र पर दर्ज हो गया है।”

रेलवे लाइन बनेगी जीवनरेखा

पीएम मोदी ने कहा कि बैराबी–सैरांग रेलवे लाइन दुर्गम इलाकों और चुनौतियों के बावजूद पूरी की गई है। पहली बार मिजोरम का सैरांग राजधानी एक्सप्रेस के जरिये सीधे दिल्ली से जुड़ जाएगा। उन्होंने इसे सिर्फ रेल लाइन नहीं बल्कि “परिवर्तन की जीवनरेखा” बताया, जो लोगों के जीवन और आजीविका में क्रांति लाएगी।

किसानों और युवाओं को होगा लाभ

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कनेक्टिविटी से मिजोरम के किसान और व्यापारी देशभर के बड़े बाजारों तक पहुंच पाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे। पिछले 11 वर्षों में पूर्वोत्तर को विकास का इंजन बनाने के लिए सड़क, मोबाइल, इंटरनेट, बिजली, पानी और गैस जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। जल्द ही मिजोरम में हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू होगी।

निवेश और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर की खूबसूरत संस्कृति और अपार संभावनाओं को पूरे देश और विदेश में प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने निवेशकों को इस क्षेत्र में पर्यटन, वस्त्र और अन्य क्षेत्रों में पर्यटन, वस्त्र और अन्य क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया।