किसानों को बड़ी राहत, खाद वितरण व्यवस्था में जाने बड़ा सुधार

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

किसानों को बड़ी राहत, खाद वितरण व्यवस्था में जाने बड़ा सुधार

जिले में खाद वितरण प्रक्रिया को सुगम बनाने और किसानों को लंबी कतारों से छुटकारा दिलाने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल की है। कलेक्टर किशोर कन्याल ने जल्द ही ऑनलाइन टोकन सिस्टम लागू करने की घोषणा की है। इसके बाद किसानों को केंद्रों पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही QR कोड आधारित भुगतान प्रणाली भी शुरू की जाएगी, जिससे खरीद प्रक्रिया और आसान व पारदर्शी होगी।

बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि खाद वितरण केंद्रों पर छायादार इंतज़ाम, पीने का पानी और लाइन प्रबंधन को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कृषि, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और यह देखने के लिए कहा कि कोई भी व्यक्ति रात में केंद्र पर न रुके, ताकि व्यवस्था नियंत्रित और सुरक्षित रहे।

समय-सीमा बैठक में हुई विस्तृत समीक्षा

कलेक्टर कन्याल सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलास्तरीय समय-सीमा बैठक ले रहे थे। उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि जिले ने SIR कार्य में 100% उपलब्धि हासिल की है, जो प्रभावी टीमवर्क का परिणाम है। बैठक में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

विभागों को 90% से अधिक स्कोर हासिल करने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे 90 प्रतिशत या उससे अधिक स्कोर प्राप्त करें और 50 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सड़क सुरक्षा पर दोहरा अभियान

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने आरटीओ विभाग को दोहरे अभियान की शुरुआत करने के निर्देश दिए। जिसमे बिना हेलमेट चलने वालों पर सख्त कार्रवाई, हेलमेट पहनने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन । इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

टीमवर्क पर जोर

बैठक के समापन पर कलेक्टर कन्याल ने सभी अधिकारियों से जोर देकर कहा कि विभागीय समन्वय और टीमवर्क के साथ कार्य करें, ताकि जिले की विकास योजनाएं समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरी की जा सकें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।