ग्वालियर में पड़ोसी विवाद ने ली जान: बीच-बचाव करने गए बस ड्राइवर की गला दबाकर हत्या, आरोपी फरार

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में पड़ोसी विवाद ने ली जान: बीच-बचाव करने गए बस ड्राइवर की गला दबाकर हत्या, आरोपी फरार

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पड़ोसियों के बीच हुए विवाद को शांत कराने गए 65 वर्षीय बस ड्राइवर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के गुड़ा इलाके की है। मृतक की पहचान संतोष कुशवाहा पुत्र हीरालाल कुशवाहा के रूप में हुई है।

कैसे हुई वारदात?

बुधवार रात गुड़ा इलाके में दिलीप जाटव और उसकी महिला मित्र अनीता कुशवाहा के बीच किसी बात को लेकर जोरदार झगड़ा हो रहा था। पास ही किराए के मकान में रहने वाले संतोष कुशवाहा ने शोरगुल सुना और बीच-बचाव करने पहुँच गए।

शुरुआत में संतोष ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दिलीप ने संतोष की दखलंदाजी पर गुस्से में अपना आपा खो दिया। देखते ही देखते उसने संतोष से हाथापाई शुरू कर दी और फिर गुस्से में आकर उनका गला दबा दिया। इस घटना से मौके पर ही संतोष की मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दिलीप जाटव मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, संतोष की सांसें थम चुकी थीं। पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

Also Read

मृतक हाल ही में गुड़ा इलाके में शिफ्ट हुआ था

मृतक के भाई रूप सिंह ने बताया कि संतोष पेशे से बस ड्राइवर था। कुछ दिन पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ गुड़ा इलाके में किराए के मकान में रहने आया था। बुधवार रात पड़ोसियों के झगड़े की आवाज सुनकर उन्होंने मानवता के नाते उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच उनकी जान चली गई।

पुलिस की जांच जारी

माधवगंज थाना प्रभारी एसआई सैयद लियाकत अली ने बताया कि आरोपी दिलीप जाटव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है।

इलाके में सनसनी

वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पड़ोसियों के बीच छोटे-मोटे विवाद तो अक्सर सुनाई देते थे, लेकिन बात हत्या तक पहुँच जाएगी, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। लोगों ने संतोष को मददगार और शांत स्वभाव का इंसान बताया, जो अक्सर मोहल्ले में झगड़े सुलझाने की कोशिश करता था।

Top Stories
Related Post