मुंबई ब्लास्ट धमकी मामला: ज्योतिषी बनकर रह रहा आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

मुंबई ब्लास्ट धमकी मामला: ज्योतिषी बनकर रह रहा आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

गणेश उत्सव के बीच मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 50 वर्षीय अश्विन कुमार सुप्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला है। वह पिछले पांच साल से नोएडा में रहकर ज्योतिष और वास्तु शास्त्र का काम कर रहा था।

वॉट्सएप पर भेजा था धमकी भरा संदेश

गुरुवार देर रात आरोपी ने मुंबई पुलिस के ट्रैफिक विभाग के आधिकारिक नंबर पर वॉट्सएप मैसेज भेजा। संदेश में लिखा था कि “लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं और 34 गाड़ियों में 400 किलो RDX फिट कर दिया गया है। जल्द ही बड़ा ब्लास्ट होगा, जिसमें एक करोड़ लोग मारे जाएंगे।”

इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत हाई अलर्ट घोषित कर दिया। क्राइम ब्रांच, एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गईं।

नोएडा से हुई गिरफ्तारी

जांच के आधार पर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम नोएडा पहुंची और सेक्टर-79 की एक सोसाइटी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए। आरोपी को पूछताछ के लिए मुंबई ले जाया गया है।

जेल से बदले की साजिश

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में अश्विन ने बताया कि साल 2023 में वह पटना जेल में तीन महीने बंद रहा था। वहां एक फिरोज नामक व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिकायत की थी। उसी से बदला लेने के लिए अश्विन ने फिरोज का नाम जोड़कर मुंबई पुलिस को धमकी संदेश भेजा। हालांकि, फिरोज कौन है और फ्रॉड का मामला क्या था, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

Related Post