मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने जयपुर में निवेशकों को मध्यप्रदेश के लिए किया आमंत्रित
जयपुर। मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने दावा किया है कि मध्यप्रदेश आज देश का सबसे बेहतर फ्रेंडली स्टेट बनकर उभरा है और वर्ष 2025 में सर्वाधिक निवेश पाने वाला देश का तीसरा राज्य रहा है। उन्होंने निवेशकों से आव्हान किया कि वे अपने आइडिया को जमीन पर उतारें, मध्यप्रदेश सरकार हर कदम पर उनके साथ खङी हैं । सीएम यादव जयपुर में आयोजित राजस्थान डिजीफेस्ट टीआईई ग्लोबल समिट 2026 में मध्यप्रदेश सेशन को संबोधित कर रहे थे। समिट में मध्यप्रदेश सरकार ने स्टेट पार्टनर के रूप में सहभागिता की।
मप्र के सीएम डाॅ यादव ने कहा मध्यप्रदेश सबसे युवा राज्य है और यह टाइगर स्टेट, चीता स्टेट, फाॅरेस्ट स्टेट, मिनरल स्टेट और बिजली सरप्लस स्टेट होने के साथ-साथ अब निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। देश के मध्य में स्थित होने के कारण मध्यप्रदेश व्यापार, उद्योग, स्टार्ट अप और निर्यात के लिए एक आदर्श केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 नई उद्योग अनुकूल नीतियां, विस्तृत लैंड बैंक, पर्याप्त जल उपलब्धता, कुशल मानव संसाधन, मजबूत लॉजिस्टिक्स और पारदर्शी प्रशासन निवेश के लिए आदर्श वातावरण तैयार कर रहे हैं।
प्रदेश मे होटल, अस्पताल, एआई, ड्रोन, स्टार्ट निर्माण सहित कई क्षेत्रों में निवेश पर आकर्षक अनुदान
सीएम यादव ने बताया कि प्रदेश मे होटल, अस्पताल, एआई, ड्रोन, स्टार्ट निर्माण सहित कई क्षेत्रों में निवेश पर आकर्षक अनुदान दिए जा रहे हैं। पीपीपी मोड पर मेडिकल कालेज और अस्पताल खोले जा रहे हैं। रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग फार्मा, आईटी और पेट्रोकैमिकल्स जैसे सेक्टर्स में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था
वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी राज्यों को समान अवसर मिल रहे हैं। और मध्यप्रदेश इस स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में तेजी से आगे चल रहा है। समिट में राजस्थान के सीएम और दोनों प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।