लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अगर राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो कांवड़ यात्रियों के लिए अलग से कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे दुकानदारों और आम लोगों को कोई असुविधा न हो।
अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा में अब तीन गुट हो गए हैं—पहला खुद मुख्तार, दूसरा दिल्ली का उम्मीदवार और तीसरा संधि साथी का कैंडिडेट। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में बड़े-बड़े ट्रस्ट पार्कों और तालाबों पर कब्जा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में नदियों की स्थिति बेहद खराब है। भाजपा सरकार ने प्रदेश के सभी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बंद कर दिए हैं, जिससे नालों का गंदा पानी सीधे नदियों में जा रहा है। बुंदेलखंड की नदियों को इतना खोद दिया गया है कि हर जिले में सड़क किनारे टीले बन गए हैं।
अखिलेश ने दावा किया कि जनता अब भाजपा की सच्चाई समझ चुकी है और 2027 में बदलाव तय है।
अखिलेश यादव की 5 बड़ी बातें पढ़िए
1- सात हजार करोड़ की अपने घर की सड़क बना ली
11 साल से केंद्र में और 9 साल से यूपी में भाजपा सरकार है। इनको 20 साल का हिसाब-किताब देना चाहिए। इतने सालों में कांवड़ियों के लिए क्या व्यवस्था की गई? सात हजार करोड़ रुपए की अपने घर की सड़क बना ली, जो चलने लायक नहीं है।
सपा सरकार बनेगी तो कांवड़ियों के लिए अलग से कॉरिडोर बनाएंगे। उससे न तो दुकानदारों को कोई असुविधा होगी और न ही सड़क पर चलने वालों को। सरकार से कोई नहीं लड़ सकता। कमजोर तो इनसे बिल्कुल भी नहीं लड़ सकता।
2- बच्चों से राजनीति करवा रही भाजपा
वृंदावन से लोग आना चाहते थे, लेकिन उनका मन बदल गया। एक चैनल पर देखा कि एक बच्ची कह रही है कि वो अच्छे हैं और हम बुरे हैं। बच्चों से राजनीति नहीं करानी चाहिए। सियासत का खेल बड़े लोगों का है, इसमें बच्चों को शामिल नहीं करना चाहिए।
बीजेपी के लोग आस्था को व्यापार न बनाएं। आस्था को आस्था रहने दें। सरकार वृंदावन में कॉरिडोर के नाम पर अपने लोगों की जेब भरना चाहती है। इसके लिए कोई प्लानिंग नहीं की गई। ये लोग किसी की खुशी नहीं देख सकते।
3- गडकरी इतने अच्छे मंत्री, UP को कुछ नहीं मिल रहा
नितिन गडकरी इतने अच्छे मंत्री है। मगर यूपी सरकार में बैठे लोग उनसे कुछ मांग ही नहीं रहे। चंबल एक्सप्रेस वे आज तक नहीं बन सका। यह एक्सप्रेस-वे जिन राज्यों से गुजरता, उन सभी राज्यों में भाजपा की सरकार है। भाजपा सरकार अटल जी के गांव में सड़क नहीं बनाना चाहती।
4- ब्रजेश पाठक का खुद इलाज हो रहा
अखिलेश ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पर तंज कसा। कहा-वे इलाज मंत्री हैं, लेकिन इंतजाम उनके इलाज का हो रहा है। लखनऊ में आम महोत्सव में सरकार ने आमों की लूट करवाई, ताकि गरीबों का अपमान हो। इस शहर की पहचान नवाबों से थी, लूट से नहीं। देश की 60 प्रतिशत वेल्थ एक प्रतिशत लोगों के पास है।
5- वोटर ID से आधार क्यों नहीं लिंक कर रहे
बीजेपी इस तरकीब में लगी है कि कैसे वोटर को उलझाएं। पता नहीं क्या कंफ्यूजन है। वोटर आईडी को आधार से क्यों नहीं लिंक कर दे रहे हैं। 99 प्रतिशत लोगों के पास आधार है। हर जगह मैंडेटरी है। अपने ही कागज को सरकार गलत मान रही है। कमाल की सरकार है। अपना ही डेटा नहीं मान रही है।