दिल्ली। भारत सरकार एक्स के ग्रोक एआई से जुड़े अश्लील कंटेंट पर बड़ी कार्रवाई कर रही है। सरकार ने इसे लेकर एक्स से विस्तृत जानकारी देने के लिए कहा है। सरकार ने कहा है कि एक्स ये बताए कि वे उन लोगों पर क्या एक्शन ले रहे हैं, जो ग्रोक एआई की मदद से यौन संबंधी और भ्रामक कंटेंट बना रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सरकार ने एक्स और उसके ग्रोकएआई से जुड़े अश्लील कंटेंट पर की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपायों सहित और अधिक जानकारी मांगी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एक्स ने भारत सरकार के समक्ष एक विस्तृत जवाब रखा था जिसमें कहा गया कि वे भारत के कानून और निर्धारित दिशा निर्देशों का सम्मान करते हैं। एक्स ने यह भी कहा कि हम ये भी जानते हैं कि भारत हमारे प्लेटफार्म के लिए एक बड़ा बाजार है। लेकिन एक्स के इस जवाब में भ्रामक पोस्ट और बिना सहमति के यौन छवियों से संबंधित कंटेंट को लेकर लिए जाने वाले एक्शन का कोई जिक्र नहीं था।
भारत सरकार ने जिन बातों के बारे में एक्स से पूछा था उन सवालों के बारे में एक्स ने जवाब प्रस्तुत नहीं किया। अब सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक्स से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सहित अधिक जानकारी मांगी है। अश्लील और यौन रूप से आपत्तिजनक सामग्री तैयार किए जाने के संबंध में कड़ी चेतावनी जारी किए जाने के बाद मंत्रालय ने एक्स को कार्रवाई रिपोर्ट जारी करने को कहा था, जिसका आधा अधूरा जवाब ही एक्स ने दिया तो भारत सरकार ने उसे सख्त चेतावनी जारी की।