Sandhya Samachar

देश व दुनिया की समस्याओं का समाधान खोजें विद्यार्थी : मुर्मु

71 views

अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रंबंधन संस्थान के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को प्रदान की उपाधियां और पदक
प्रदेश के राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री चौहान सहित केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी हुए शामिल
पदक पाकर विद्यार्थियों और उनके परिजनों के खिले चेहरे, अपनों को फोटो शेयर कर बांटी खुशियां
परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व अध्यक्ष काकोड़कर डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि से विभूषित

ग्वालियर। अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (आईआईआईटीएम) के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा विद्यार्थी पूर्ण आत्मविश्वास के साथ दुनिया में कदम रखें और आगे बढ़ते जाएँ। लक्ष्य से निगाह न हटने दें। कोई भी बाधा और कोई भी चुनौती आपको अपना लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक पाएगी। सफल होकर आप सब दूसरों को भी आगे बढ़ने में मदद करें। साथ ही शिक्षा का उपयोग कर देश को आगे ले जाएँ और अपनी सोच व कार्यों से देश व दुनिया की समस्याओं का समाधान ढूँढने में योगदान दें।
समारोह में प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, ट्रिपल आईटीएम संचालक मण्डल के अध्यक्ष दीपक घैसास एवं ट्रिपल आईटीएम के निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह मंचासीन थे।
जबकि जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर एवं ट्रिपल आईटीएम संचालक मण्डल के सदस्यगण भी विशेष रूप से मौजूद थे।
राष्ट्रपति ने इस दौरान परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमैन पद्मविभूषण डॉ. अनिल काकोडकर को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि से विभूषित किया गया। साथ ही सात विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। ट्रिपल आईटीएम से वर्ष 2023 में पास आउट 283 विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह में बीटेक, एमटेक एवं मैनेजमेंट की उपाधियाँ प्रदान की गईं।
राष्ट्रपति ने कैंपस में 500 बैड के छात्रावास की आधारशिला भी रखी। साथ ही मलिन बस्तियों के बच्चों से मुलाकात कर उन्हें पुस्तकें भेंट की।
अपनी उपयोगिता सिद्ध करें विद्यार्थी
राष्ट्रपति मुर्मु ने विद्यार्थियों से कहा कि आप सब समाज के उन लोगों के बारे में भी सोचें जो विकास की यात्रा में थोड़े पीछे रह गए हैं। समाज के प्रति उत्तरदायित्व की धारणा आपकी प्रगति के लिये भी उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा दूसरों की सहायता करने से स्वयं की क्षमताओं का भी विकास होता है, यह मेरा भी निजी अनुभव है।
अजा महिलाओं का हो रहा है कल्याण
राष्ट्रपति ने कहा कि अनुसूचित जनजाति की सबसे बड़ी आबादी मध्यप्रदेश में रहती है। प्रसन्नता की बात है कि यहां कमजोर वर्गों एवं महिलाओं का कल्याण करने की भावना के साथ अच्छे कदम उठाए जा रहे हैं। जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरूआत भी सबसे पहले मध्यप्रदेश ने की शहडोल में आयोजित हुए समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे वहाँ पर पेसा एक्ट का शुभारंभ करने का अवसर मिला था। यह एक्ट जनजातीय समुदाय के लोगों के हित में लागू किया गया है।
दीक्षांत समारोह है महत्वपूर्ण
राष्ट्रपति ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह इसलिये भी विशेष महत्वपूर्ण है क्योंकि संस्थान ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने उपाधियाँ प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों व उनके परिजनों एवं प्राध्यापकों को बधाई व शुभकामनायें दीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा यह खुशी की बात है कि ट्रिपल आईटीएम ग्वालियर शिक्षा का एक ऐसा उत्कृष्ट केन्द्र बनने की ओर अग्रसर है जहाँ उच्च स्तर की शिक्षा और अनुसंधान को निरंतर बढ़ावा मिलेगा।
सामाजिक न्याय के साधन बनें
राज्यपाल पटेल ने कहा कि कल्याणकारी राज्य में वही प्रौद्योगिकी सफल है, जिसका उपयोग सामाजिक न्याय के एक साधन के रूप में हो सके। समग्र विकास के लिये आज की जरूरत है कि स्मार्ट उपकरण और प्रणालियाँ सामान्य लोगों की पहुँच में हों। विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि नवाचारों के माध्यमों से नागरिकों के कल्याण और विकास के नए समाधान प्रस्तुत करने के लिये तत्परता से कार्य करें।

टेलेंट और टेक्नोलॉजी का संगम
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज भारत के पास टेलेंट, टेक्नालॉजी, प्रबंधन और नेतृत्व का संगम है, जो भारत को आने वाले समय में विश्व गुरू बनायेगा। जिस प्रकार 18वीं सदी में औद्योगिक क्रांति के दौरान वैश्विक अर्थ-व्यवस्था को गतिमान रखने के लिये डीजल और पेट्रोल की आवश्यकता थी, उसी प्रकार 21वीं सदी में गति के लिये डाटा ईंधन का काम कर रहा है। एनालेटिक्स, मशीन लर्निंग, बिग डाटा और क्वांटम कम्प्यूटिंग सभी आज के युग की बड़ी आवश्यकता हैं। विद्यार्थी इन सभी में महारत हासिल कर स्वयं, समाज और देश को आगे बढ़ायें।
छोटे लक्ष्य से संतुष्ट न हों विद्यार्थी
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने विद्यार्थियों का आहृवान किया कि अपने मन में सदैव यह भाव रखें कि हम केवल एक लक्ष्य की पूर्ति से संतुष्ट न होकर सदैव आगे बढ़ने का प्रयास करते रहेंगे। साथ ही जिस संस्थान से आप सबने शिक्षा ग्रहण की है उस संस्थान का मान-सम्मान रखकर देश का गौरव बढ़ाने में अपना योगदान देते रहें।
उन्होंने कहा कि भारत तेजी के साथ आर्थिक तरक्की कर रहा है। कुछ साल पहले तक भारत 11वीं आर्थिक शक्ति हुआ करता था जो अब पाँचवी आर्थिक शक्ति बन गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2030 तक भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जायेगा। देश के भविष्य निर्माण में आप सबका सहयोग भी जरूरी है।

विषमता मिटाने के हों प्रयास
पोखरण परमाणु परीक्षण में अहम भूमिका निभाने वाले देश के सुविख्यात परमाणु विज्ञानी एवं परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व अध्यक्ष पद्मविभूषण डॉ. अनिल काकोड़कर ने कहा कि भारत अच्छी प्रगति कर रहा है। हम सबको साझा प्रयास कर वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा में देश को आगे रखकर, देश के भीतर विषमता मिटाने के प्रयास जारी रखने होंगे।
इससे पूर्वं सस्थान के निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह ने स्वागत उदबोधन दिया एवं प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसरपर संभाग आयुक्त दीपक सिंह, एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ नीतू माथुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment

मौसम का मिज़ाज़

India, IN
broken clouds
51%
4.8km/h
74%
29°C
29°
29°
29°
Sun
28°
Mon
28°
Tue
29°
Wed
27°
Thu

About Us

हमारी वेबसाइट का प्रमुख उद्देश्य सार्वजनिक रूप से जानकारी प्रदान करना है, और हम आपको विभिन्न विषयों पर लेख और समाचार प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं।

Contact Info

Address:

Sandhya Samachar, In front of Hotel Shelter, Padav, Gwalior. 474002

Email:

info@oldsamachar.nezovix.in

Contact Number:

+91 94251 11819

© Copyright 2023 :- Sandhya Samachar, All Rights Reserved. Designed and Developed by Web Mytech