ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। खटीक मोहल्ला निवासी 50 वर्षीय धर्मेंद्र मौर्य का बीती रात पत्नी रेणु मौर्य (44) से विवाद हो गया। बहस बढ़ी तो धर्मेंद्र ने घर में रखी कपड़े धोने की मोगरी उठाई और रेणु के सिर पर कई वार कर दिए।
हमले के बाद आरोपी फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रेणु को परिजन और उसका बेटा तुरंत जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार ने इंदरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर लंबे समय से शंका करता था, जिसको लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रात को झगड़ा बढ़ा और गुस्से में उसने रेणु की जान ले ली।इंदरगंज पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और सुबह होते-होते धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।