रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 1900 करोड़ रूपए सिंगल क्लिक से करेंगे अंतरित
ग्वालियर। जश्न-ए-आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बात की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वार्ड या ग्राम में तिरंगे झंडों की कमी ना हो, शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से व्यवस्था की जाए।

प्रदेश में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का पर्व भी सामाजिक समरसता के भाव के साथ उत्साह और उल्लास से मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल स्थित समत्व भवन से प्रदेश स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मंत्री गण, नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। यहाँ ग्वालियर में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, नगर पालिका डबरा की अध्यक्ष लक्ष्मीदेवी जाटव, नगर परिषद मोहना के अध्यक्ष राधाकृष्ण धाकड़ व भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक सुश्री कृष्णावेणी देशावतु, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

सावन उत्सव थीम पर होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री यादव 10 अगस्त को लाड़ली बहनों के खातों में 19 सौ करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। विजयपुर जिला श्योपुर में होने वाले स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन और रक्षाबंधन कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना अंतर्गत अगस्त माह की राशि रुपए 1250 के साथ ही विशेष सहायता के रूप में लाड़ली बहनों के खातों में 250 रुपए अंतरित किए जाएंगे। प्रदेश भर में रक्षाबंधन और सावन उत्सव की थीम पर 25 हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।