ग्वालियर में युवक को पाकिस्तानी एजेंट बताकर PMO में शिकायत, 25 लाख की रंगदारी का दावा

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में युवक को पाकिस्तानी एजेंट बताकर PMO में शिकायत, 25 लाख की रंगदारी का दावा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने पूर्व परिचितों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित युवक का कहना है कि कुछ लोग मिलकर उसे पाकिस्तानी एजेंट बताकर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और रक्षा अधिकारियों तक झूठी शिकायतें कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इन लोगों ने शिकायतें बंद कराने के बदले उससे 25 लाख रुपये की मांग भी की है।

ग्वालियर के तानसेन रोड इलाके में रहने वाले नितेश जादौन पेशे से सप्लायर हैं। वे “केयर एप टेक” नाम से एक एजेंसी संचालित करते हैं, जो रक्षा प्रतिष्ठानों को कंप्यूटर, मोबाइल, सीसीटीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सप्लाई करती है। नितेश के मुताबिक, मई 2024 में उनके खिलाफ PMO और रक्षा विभाग के अधिकारियों को फर्जी शिकायतें भेजी गईं, जिनमें उन पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से संबंध होने और पुलवामा व पहलगांव हमलों में संलिप्त होने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।

जब नितेश ने इन शिकायतों की पड़ताल की, तो उन्हें पता चला कि महेश राठौर, अनिल राठौर, प्रियंका राठौर और खुशी राठौर मिलकर उनके खिलाफ यह झूठी शिकायतें कर रहे हैं। नितेश का आरोप है कि जब उन्होंने इन लोगों से आमने-सामने बात कर शिकायतों का कारण पूछा, तो सभी ने मिलकर उनसे 25 लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो इसी तरह झूठी शिकायतें कर उन्हें फर्जी मामलों में फंसा दिया जाएगा।

लगातार मानसिक दबाव और बदनामी से परेशान होकर नितेश जादौन ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद पड़ाव थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Also Read

Top Stories
Related Post