नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मध्य प्रदेश भोपाल द्वारा आयोजित “राज्य स्तरीय स्वच्छता सम्मान समारोह सह कार्यशाला” में नगर निगम ग्वालियर को वर्ष 2024 के स्वच्छता सर्वेक्षण में “प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर” श्रेणी में बेहतर कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन लाल यादव ने इस अवसर पर नगर निगम को पुरस्कार प्रदान किया।
सम्मान समारोह में निगम आयुक्त संघ प्रिय, उपायुक्त अमरसत्य गुप्ता और एस.बी.एम. टीम ने पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान निगम आयुक्त संघ प्रिय ने प्रस्तुतीकरण में दीपावली महोत्सव के मद्देनजर किए गए नवाचार “स्वच्छता की दिवाली एक रुपए वाली” अभियान की जानकारी साझा की।
इस नवाचार को नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने भी सराहा और कहा कि यह पहल शहर की स्वच्छता दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। नगर निगम ग्वालियर ने न केवल स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन किया है बल्कि त्योहारों में नवाचार के माध्यम से नागरिकों में जागरूकता फैलाने का भी उदाहरण पेश किया है।