गोवा नाइट क्लब हादसा: धुआं, भगदड़ और 25 मौतें

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

गोवा नाइट क्लब हादसा: धुआं, भगदड़ और 25 मौतें

गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने जश्न की रात को मौत की रात में बदल दिया। क्लब में आयोजित बॉलीवुड नाइट पार्टी के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई। घटना में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में 3 महिलाएं, 22 पुरुष और 4 टूरिस्ट शामिल हैं। सात लोगों की पहचान होना अभी बाकी है।

डांस फ्लोर से भागते हुए लोग सीधे फंस गए मौत के जाल में

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ब्लास्ट होते ही लोग घबराकर बाहर की ओर भागने लगे। बाहर निकलने का रास्ता संकरा होने के कारण भीड़ में कई लोग फंस गए। इसी अफरातफरी में कई लोग नीचे बने अंडरग्राउंड कैंपस में दौड़ गए, लेकिन वहीं उनके लिए मौत इंतजार कर रही थी।

बेसमेंट में तेज़ी से धुआं भर गया और करीब 20 लोगों की मौत दम घुटने से हो गई। अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अफसरों का कहना है कि संकरी जगह होने के कारण उन्हें भी घटनास्थल तक पहुंचने में भारी दिक्कत हुई, जिससे आग बुझाने में देर लग गई।

क्लब चेन की अन्य प्रॉपर्टी भी जांच के दायरे में

गोवा पुलिस प्रमुख आलोक कुमार ने बताया कि हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के बाद शुरू हुआ। क्लब में घायल हुए 6 लोगों का इलाज हॉस्पिटल में जारी है और सभी की स्थिति स्थिर है। रोमियो लेन एक बड़ी क्लब चेन है, जिसके अंतर्गत कई रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट और बार भी आते हैं। अब सभी की सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।

Also Read

आधी रात को आसमान लाल

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रात करीब 12 बजे क्लब से तेज़ लपटें निकलती दिखीं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा “हम होटल पहुंचे ही थे कि अचानक लाल-लाल लपटें उठती दिखीं। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी थी और लोगों को बाहर निकाल रही थी। सुबह पता चला कि इतनी बड़ी त्रासदी हो गई।”

एक अन्य स्थानीय शुभचिंतक ने कहा कि रात में सिर्फ तेज़ सायरन सुनाई दिए, लेकिन घटना की भयावहता सुबह तक सामने नहीं आई। कई लोग सुबह घटनास्थल पर पहुंचे तो तब जाकर उन्हें हादसे का भयावह पैमाना समझ आया।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रविवार सुबह घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा “यह घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में 25 लोगों की जान गई और छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है।” सीएम ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जल्द गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

Top Stories
Related Post