— अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत ग्वालियर जिले में भी भव्यता के साथ मनी गीता जयंती
— आदर्श गौशाला लाल टिपारा में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन
— गीता पूजन व गीता पर व्याख्यान के साथ हुआ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
— संत महात्माओं और गौ सेवकों को किया गया सम्मानित
ग्वालियर। गीता में वर्णित कर्म योग व ज्ञान के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्वालियर जिले में भी “अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव” के तहत आदर्श गौशाला लाल टिपारा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में गीता पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार के साथ ही गौशाला के संत ऋषभ देवानंद महाराज, संत कृपाल सिंह महाराज, स्वामी समर्थ तीर्थ महाराज, स्वामी हरी ज्ञानानंद महाराज, स्वामी श्याम दास महाराज, स्वामी कृष्णानंद महाराज, स्वामी सुरेश दास महाराज व स्वामी अशोक दास महाराज शामिल हुए। इनके अलावा मेयर इन काउंसिल सदस्य गायत्री मंडेलिया, पार्षदगण अंकित कठ्ठल, प्रमोद खरे, सुरेन्द्र साहू व भूपेन्द्र कुशवाह, अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार व नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव मौजूद रहे।
महापौर ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को हमारे सनातन प्राचीन ग्रंथों का ज्ञान होना आवश्यक है। यदि हम सही मायने में गीता को आत्मसात कर लें तो जीवन के सभी दुखों से मुक्ति प्राप्त कर सकते हैं। क्योंकि गीता में सभी कष्टों को मिटाने की शक्ति है। गीता जयंती जैसे आयोजन ज्ञान एवं संस्कार देने वाले होते हैं।
विद्वजनों ने किया गीता पाठ
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ गीता पूजन के साथ हुआ। डॉ. ओमप्रकाश पटसारिया सहित अन्य विद्वजनों ने गीता के प्रमुख अध्यायों का वाचन किया। साथ ही गीता पर सारगर्भित उदबोधन दिया। इस अवसर पर इस्कॉन के कृष्ण भक्तों एवं संतजनों द्वारा भी गीता पर व्याख्यान दिए गए। श्याम बिहारी ओझा ने गीता में वर्णित कर्मयोग पर सारगर्भित उदबोधन देकर गीता के महत्व को रेखांकित किया। श्रीकृष्ण की लीला का वर्णन
कार्यक्रम में बालिका गौरांगी शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण का बाल रूप धारण कर मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। आरकेवीएम स्कूल के बच्चों ने भी भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
गौ सेवकों और संतों का सम्मान
महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार एवं अन्य अथितियों द्वारा श्रीमद भगवत गीता का प्रचार प्रसार करने वाले 11 संत महात्माओं का सम्मान किया गया। साथ ही 21 गौ सेवकों को ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सीएम के कार्यक्रम देखा लाइव
भोपाल में आयोजित हुए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी लाल टिपारा गौशाला के कार्यक्रम में हुआ। बड़ी एलईडी स्क्रीन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उदबोधन को सुना। ज्ञात हो भोपाल के कार्यक्रम में “गीता पाठ” का गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने का अनूठा पावन प्रयास किया गया है।
58