बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक है, और अब एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे की तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच सीटों का फॉर्मूला तय हो गया है। शनिवार को दिल्ली में जेपी नड्डा के आवास पर हुई अहम बैठक में सभी प्रमुख नेताओं ने मिलकर सीट शेयरिंग पर चर्चा की।
बैठक में अमित शाह, विनोद तावड़े, धर्मेंद्र प्रधान, सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल, नित्यानंद राय, नितिन नवीन समेत बिहार एनडीए के शीर्ष नेता मौजूद रहे। इस दौरान बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम रूपरेखा पर लगभग सहमति बन गई है।
सूत्रों के मुताबिक बिहार NDA का संभावित सीट फॉर्मूला
- JDU – 101 सीटें
- BJP – 100 सीटें
- LJP (रामविलास) – 26 सीटें
- HAM (जीतनराम मांझी) – 7 सीटें
- RLM (उपेंद्र कुशवाहा) – 6 सीटें
सूत्र बताते हैं कि अभी भी 3 सीटों पर बातचीत जारी है और जल्द ही औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
BJP 100 सीटों पर उतरेगी मैदान में
एनडीए में पिछले कई हफ्तों से सीट बंटवारे को लेकर माथापच्ची चल रही थी। कभी चिराग पासवान तो कभी जीतनराम मांझी अपने हिस्से को लेकर असहमति जता रहे थे। अब माना जा रहा है कि सभी दलों के बीच समझौता हो गया है और गठबंधन का फार्मूला तय हो चुका है। फॉर्मूले के अनुसार, BJP 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि JDU को 101 सीटें दी जाएंगी। वहीं घटक दलों — LJP, HAM और RLM — को भी उनकी ताकत के मुताबिक हिस्सेदारी दी गई है। बैठक में नेताओं ने इस बात पर भी चर्चा की कि पिछले चुनाव में BJP जिन 35 सीटों पर हार का सामना कर चुकी थी, उन्हें इस बार कैसे जीता जा सकता है। इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है।
दिल्ली में होगी अंतिम बातचीत – बोले उपेंद्र कुशवाहा
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही रिपोर्ट्स गलत हैं कि सीट शेयरिंग पर पूरी सहमति बन गई है। कुशवाहा ने स्पष्ट किया — “बातचीत अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मैं दिल्ली जा रहा हूं, जहां बीजेपी नेतृत्व से मुलाकात के बाद तस्वीर साफ होगी। सार्वजनिक रूप से यह बताना ठीक नहीं कि हमें कितनी सीटें चाहिए, यह बातचीत के बाद तय होगा।”
अब जल्द होगा NDA का सीट बंटवारे का ऐलान
बिहार NDA की बैठक में हुई सहमति के बाद अब माना जा रहा है कि गठबंधन की सीटों का आधिकारिक ऐलान जल्द ही किया जाएगा। बिहार चुनाव में इस बार एनडीए की रणनीति साफ है — एकजुटता और समन्वय के साथ विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक को कड़ी टक्कर देना। अब सबकी नजरें बीजेपी और जेडीयू के संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान होने की उम्मीद है।