27 साल बाद हुई भाजपा की वापसी, केजरीवाल और सिसोदिया को जनता ने नकारा, भाजपा के प्रवेश वर्मा को स्वीकारा
नई दिल्ली। 27 साल बाद भाजपा का दिल्ली में वनवास समाप्त हो गया है। सत्तारूढ़ आप को हराकर भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा की 48 सीटों पर जीत निश्चित मानी जा रही है जबकि आप महज 22 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सही आंकड़ा पूरे परिणाम सामने आने पर ही आएगा।
लेकिन दिल्ली की जनता ने इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर विश्वास जताया है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को नकार दिया है।
नई दिल्ली सीट पर भाजपा के कद्दावर नेता प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल को शिकस्त दी। वर्मा मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रह हैं।
मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी से जीत गई हैं, उन्होंने भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदार रमेश बिधुड़ी को हराया है। यहीं से कांग्रेस की अल्का लांबा भी यहीं से अपनी किस्मत अजमा रही थीं।
दिल्ली की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है। हार के बाद केजरीवाल बोले- हमें हार स्वीकार है। भाजपा को जीत की बधाई देता हूं। लोगों ने उन्हें बहुमत दिया है। उम्मीद करता हूं जनता की उम्मीदों पर वे खरे उतरेंगे।
भाजपा मुख्यालय पर जश्न
दिल्ली में मिली शानदार जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पर जश्न जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
शाह से मिले वर्मा
चुनाव नतीजे सामने आने के बाद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। प्रवेश वर्मा मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं लेकिन भाजपा में कुछ कहा नहीं जा सकता, किसी की भी लॉटरी खुल सकती है।
PostedBy : विजय पाण्डेय
54