ग्वालियर। मंगलवार को हुई जन सुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 175 लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर कलेक्ट्रेट और नगर निगम के मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर रुचिका चौहान और निगमायुक्त संघ प्रिय ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में 135 लोगों की समस्याएं सुनी गईं
कलेक्ट्रेट में आयोजित जन सुनवाई में 135 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी लोगों को सम्मानपूर्वक अपने कक्ष में बिठाया और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात की और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार और संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन समेत अन्य अधिकारियों ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की रूपरेखा तैयार की।
कलेक्टर ने बताया कि जन सुनवाई में प्राप्त हुए 135 आवेदन में से 78 को दर्ज किया गया, जबकि 57 आवेदन को संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को सीधे भेजा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी आवेदनों का समय सीमा के भीतर निराकरण करें।
नगर निगम मुख्यालय पर निगमायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं
सिटी सेंटर स्थित नगर निगम मुख्यालय पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने भी जन सुनवाई की। निगमायुक्त ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार जन सुनवाई के चक्कर न लगाने पड़ें।

नगर निगम मुख्यालय पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने भी जन सुनवाई की। निगमायुक्त ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार जन सुनवाई के चक्कर न लगाने पड़ें।
जन सुनवाई में अपर आयुक्त विजय राज, अपर आयुक्त वित्त रजनी शुक्ला, उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
आवेदन और समाधान के उदाहरण
-
वार्ड 14 (लवकुश नगर सेवा नगर) निवासी सुषमा शाक्य ने अवैध निर्माण कार्य को हटाने का आग्रह किया।
-
वार्ड 37 (जीवाजीगंज) निवासी आलोक कुशवाह ने अपनी निजी भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटवाने की अपील की।
-
वार्ड 15 (मॉ वैष्णो पुरम कॉलोनी) निवासियों ने क्षेत्र में अवैध डेयरियों से गोबर के बहाने से सीवर चौक होने की समस्या उठाई।
-
वार्ड 54 (मिस्त्री खाना चना कोठार कम्पू) निवासी नूरजहां ने निगम की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की।
निगमायुक्त ने कुछ समस्याओं का त्वरित समाधान किया और बाकी मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में अधिकांश मामले पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई और नामांतरण से जुड़े हुए थे।