महाराष्ट्र में अब फडणवीस राज, शिंदे ओर पवार के सिर सजा उप मुख्यमंत्री का ताज
महाराष्ट्र में देवेंद्र राज स्थापित होने के साथ ही महायुति में खटपट की खबरों पर विराम लग गया है…. क्योंकि फडणवीस मुख्यमंत्री की भूमिका में रहेंगे और शिंदे व पवार उप मुख्यमंत्री के तौर पर उनके सहयोगी रहेंगे।
एजेंसी। महाराष्ट्र में आखिरकार चुनाव परिणाम के 12वें दिन नई सरकार का गठन हो ही गया।
भाजपा के दिग्गज नेता और शिंदे सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में आजाद मैदान में शपथ ले ही ली। वहीं पिछली सरकार में मुख्यमंत्री रहे शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे नई सरकार में उप मुख्यमंत्री की भूमिका में होंगे, जबकि शिंदे सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे अजित पवार के पद में कोई बदलाव नहीं हुआ है, उन्होंने एक बार फिर उसी पद की शपथ ली है।
पीएम मोदी समेत एनडीए के दिग्गज बने साक्षी
देवेंद्र के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी के साथ ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और जयोतिरादित्य सिंधिया सहित कई केंद्रीय मंत्रियों के अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री जिनमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, गुजरात के भूपेंद्र पटेल और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत राजग शासित कई राज्यों के उप-मुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

उद्योगपति-फिल्मी सितारे भी हुए शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में एक तरफ जहां राजनेताओं का जमावड़ा लगा था। वहीं दूसरी तरफ से उद्योगपति से लेकर तमाम फिल्मी सितारों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। इसमें मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, कुमार मंगलम बिड़ला, अभिनेता शाहरुख खान, सलमान खान, संजय दत्त, रणबीर कपूर, रणवीर सिंह, माधुरी दीक्षित उनके पति श्रीराम नेने और क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और उनकी पत्नी अंजलि तेंदुलकर भी समारोह में उपस्थित थीं।
भाजपा ने जीतीं 132 सीटें
विधानसभा चुनाव में नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजित पवार को पद की शपथ दिलाई। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में भाजपा के 132 सीट जीतने के साथ ही देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार बनकर उभरे थे। महायुति के घटक दलों-भाजपा, शिवसेना और राकांपा के ने नया इतिहास रचते हुए इस बार 230 सीटें जीती हैं।