भारतीय जनता पार्टी ने फिर से सबको चौंकाते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में 45 साल के युवा के हाथों पार्टी की कमान संभालने का फैसला ले लिया। पांच बार विधायक और तीन बार मंत्री रहे बिहार के नितिन नवीन को तत्काल प्रभाव से पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।
पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ ¨सह ने नितिन नवीन दी बधाई
एक दिन पहले ही पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भी प्रदेश अध्यक्ष का फैसला लिया था। माना जा रहा था कि आने वाले खरमास के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कुछ दिन टल सकता है। लेकिन दूसरे ही दिन नितिन नवीन के नाम की घोषणा हो गई। 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद से ही नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश जारी थी।
जेपी नड्डा का अध्यक्षीय कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था और तब से वे विस्तार पर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ ¨सह ने नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर नितिन को मेहनती, संगठित सोच वाला और बिहार में विधायक एवं मंत्री के रूप में प्रभावशाली सेवाएं देने वाला नेता बताया है।
पिता के बाद संभाली कमान
नितिन नवीन का राजनीतिक सफर पूरी तरह भाजपा के भीतर ही उभरा है। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पार्टी के प्रभावशाली नेताओं में से थे। पिता के जाने के बाद उन्होंने पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से राजनीति की कमान संभाली और 2006 से लगातार पांच बार वहां से जीत दर्ज की थी ।
उन्होंने राजनीति की शुरुआत भाजपा युवा मोर्चा से की, जहां राष्ट्रीय महामंत्री से लेकर बिहार प्रदेश अध्यक्ष तक की जिम्मेदारियां निभाईं। यही संगठनात्मक अनुभव आगे चलकर उन्हें राज्य प्रभारी और फिर राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारियों तक ले गया।
बिहार में पथ निर्माण मंत्री के रूप में उन्होंने सक्रिय, कामकाजी और परिणाम देने वाले मंत्री की छवि बनाई है।संगठन में भी नितिन को अनुशासित संगठनकर्ता, मजबूत रणनीतिकार और जमीनी स्तर से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता है।