सत्ता और संगठन का विजयपुर में मेगा शो, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रोड शो कर की अनेक जनसभाएं
मुख्यमंत्री ने विजयपुर में कहा कि आप रामनिवास को विधायक बनाएं, क्षेत्र के विकास की गारंटी हमारी
श्योपुर। विजयपुर विधान सभा क्षेत्र में हो रहे उप चुनाव में सत्ता और संगठन का गुरुवार को मेगा शो देखने को मिला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने विजयपुर विधानसभा के ग्राम अगरा, गसवानी, कराहल व सेसईपुरा में जनसभा को संबोधित किया एवं कराहल में पार्टी प्रत्याशी रामनिवास रावत के समर्थन में रोड शो कर जनता का आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस क्षेत्र में कभी डाकुओं का प्रभाव हुआ करता था। प्रदेश में 55 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस ने डाकुओं के खात्मे के लिए कोई कार्य नहीं किया, क्योंकि कांग्रेस के नेता डाकुओं के दम पर चुनाव जीतते थे। भाजपा की सरकार बनने के बाद डाकुओं और लुटेरों का पूरी तरह से सफाया किया गया।

भाजपा प्रत्याशी रावत विजयपुर क्षेत्र के विकास के लिए विधायक पद और कांग्रेस पार्टी छोड़कर आए हैं। रावत इस क्षेत्र के लोगों की जिंदगी बदलने के लिए भाजपा में आए हैं। आप उन्हें विधायक बनाएं, विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास की पूरी गारंटी भाजपा की है।
कांग्रेस ने छीना आदिवासियों का हक
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों व आदिवासियों का हक छीनने का कार्य करती है, जबकि भाजपा सरकार गरीबों व आदिवासियों के कल्याण के लिए कार्य करती है। 15 महीने की कमलनाथ सरकार में दिग्विजय सिंह के इशारे पर सहरिया बहनों को प्रदेश सरकार द्वारा हर माह दी जा रही राशि बंद करने का कार्य किया। रामनिवास रावत को आप सभी विधायक बनाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करेगी।

मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने अगरा की सभा के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
रावत के समर्थन में कराहल में मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही रामनिवास रावत ने रोड शो किया। सेसईपुरा तिराहे से कराहल बाजार तक दो किलोमीटर लंबे रोड शो में जनसैलाब उमड़ा। लोगों ने पुष्पवर्षा कर नेताओं को स्वागत कर अभिवादन किया। रोड शो में चल रहे हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के जमकर नारे लगाए।

इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश शुक्ला, ऐंदल सिंह कंषाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, विधायक सरला रावत, प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, संभाग प्रभारी विजय दुबे, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जाट, पूर्व विधायक बाबूलाल मेवरा, दुर्गालाल विजय, सहरिया विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष गुड्डीबाई आदिवासी, प्रदेश प्रवक्ता बृजगोपाल लोया, अरविंद जादौन एवं प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य बृजराज सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे।
posted by : आशीष मिश्रा