हर घर तिरंगा अभियान में शहर से लेकर गांव तक शान से फहर रहा है हमारी आन-बान और शान तिरंगा
ग्वालियर। हर घर तिरंगा अभियान का इन दिनों अपना जादू बिखेर रहा है। गांव हो या शहर कस्बा हो या फिर पंचायत हर जगह देश की आन-बान और शान कहे जाने वाला तिरंगा जोश और जुनून के साथ फहराया जा रहा है। क्या छोटे और क्या बड़े…. बच्चे, बूढ़े और जवान सभी मिलकर उत्साह से तिरंगा हाथ में थाम गली-गली में घूम रहे हैं। तिरंगा अभियान लोगों में राष्ट्र भक्ति का जज्बा पैदा कर रहा है।

महानगर ग्वालियर में बीते रोज कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में रिमझिम फुहारों के बीच तिरंगा थामकर शान से बाइक रैली निकाली गई थी।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने हरी झंडी दिखाकर इस रैली को रवाना किया। आर्मी के जवानों, पुलिसकर्मियों के साथ ही आम नागरिकों ने कलेक्टर के साथ मिलकर शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालकर देश भक्ति के जज्बे से लोगों को ओतप्रोत कर दिया है।

उधर बैजाताल के तैरते रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन किया गया। जहां स्कूली बच्चों ने देश भक्ति और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रमुख समाज सेवी डॉ. केशव पाण्डेय ने भदावना गांव पहुंचकर वहां लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्र प्रेम की भावना जाग्रत की।

अभियान के तहत डबरा, भितरवार व घाटीगाँव में भी अभियान जोर-शोर चल रहा है। भारतीय आन-बान व शान के प्रतीक तिरंगा को हाथों में थामकर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, सामाजिक व स्वयंसेवी संस्थायें एवं अधिकारी-कर्मचारीगण उत्साह के साथ घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दे रहे हैं।
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना रखकर देश की प्रगति में योगदान देने की सामूहिक रूप से शपथ ली। डबरा नगर पालिका क्षेत्र में निकली तिरंगा यात्रा में एसडीएम दिव्यांशु चौधरी शामिल हुए। इसी तरह भितरवार में एसडीएम डीएन सिंह एवं घाटीगाँव में एसडीएम राजीव समाधिया की अगुआई में तिरंगा यात्राएँ निकलीं। ग्वालियर जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। जिनमें लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
पोस्ट : विजय पाण्डेय