Sandhya Samachar

मोदी की गारंटी : तीसरी बार बनेगी हमारी सरकार, टॉप 3 में होगी अर्थव्यवस्था

66 views

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है।
नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में नए इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन करते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र (आईईसीसी) परिसर को देश को समर्पित किया।
इस अवसर पर मोदी ने अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर-’भारत मंडपम’ में स्मारक टिकट और सिक्के जारी किए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है। भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य और नई उर्जा का आह्वान है। भारत मंडपम भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन है। बता दें कि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर का नाम ’भारत मंडपम’ रखा गया है।

’ये मोदी की गारंटी टॉप-3 में होगी भारतीय अर्थव्यवस्था’
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मेरे तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा, ये मोदी की गारंटी है। उन्होंने आगे कहा कि आज देश का विश्वास पक्का हो गया है कि अब भारत की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है। हमारे पहले कार्यकाल की शुरुआत में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में 10वें स्थान पर था। दूसरे कार्यकाल में आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर मैं देश को ये भी विश्वास दिलाऊंगा कि तीसरे कार्यकाल में दुनिया की पहली तीन अर्थव्यवस्थाओं में एक नाम भारत का होगा।

पीएम मोदी ने सुनाई कविता
पीएम मोदी ने कहा कि एक अद्भुत दृश्य मेरे सामने है। भव्य है, विराट है, विहंगम है। आज का ये जो अवसर है, इसके पीछे जो कल्पना है और आज हमारी आंखों के सामने उस सपने को साकार होते हुए हम देख रहे हैं, तब मुझे एक प्रसिद्ध कविता की पंक्तियां गुनगुनाने का मन कर रहा है।

नया प्रातः है, नई बात है, नई किरण है, ज्योति नई,

नई उमंगे, नई तरंगे, नई आस है, सांस नई।

उठो धरा के अमर सपूतों पुनः नया निर्माण करो,

जन जन के जीवन में फिर से नई स्फूर्ति नव प्राण भरो।

पीएम ने कारगिल युद्ध के शहीदों को किया याद
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कारगिल युद्ध के शहीदों को भी याद किया। पीएम ने कहा कि आज का दिन हर देशवासी के लिए ऐतिहासिक है। आज कारगिल विजय दिवस है। देश के दुश्मनों ने जो दुस्साहस दिखाया था उसे मां भारती के बेटे-बेटियों ने अपने पराक्रम से परास्त कर दिया था। कारगिल युद्ध में अपना बलिदान देने वाले प्रत्येक वीर को मैं पूरे राष्ट्र की तरफ से श्रद्धांजलि देता हूं।

’भारत मंडपम से पूरी दुनिया देखेगी भारत का बढ़ता कद’
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दुनिया यह स्वीकार कर रही है कि भारत ’लोकतंत्र की जननी’ है। आज जब हम आजादी के 75 वर्ष होने पर ’अमृत महोत्सव’ मना रहे हैं, यह ’भारत मंडपम’ हम भारतीयों द्वारा अपने लोकतंत्र को दिया एक खूबसूरत उपहार है। कुछ हफ्तों बाद यहां ळ-20 से जुड़े आयोजन होंगे। दुनिया के बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष यहां उपस्थित होंगे। भारत के बढ़ते कदम और भारत का बढ़ता कद इस ’भारत मंडपम’ से पूरी दुनिया देखेगी।

विपक्ष पर भी बरसे पीएम मोदी
इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस निर्माण को रोकने के लिए नकारात्मक सोच वालों ने क्या-क्या कोशिशें नहीं की, अदालतों के चक्कर काटे थे। कुछ लोगों की फितरत होती है हर अच्छे काम को रोकने, टोकने की। जब कर्तव्य पथ पर बन रहा था तो न जाने क्या-क्या कथाएं चल रही थीं। अखबार, ब्रेकिंग न्यूज में न जाने क्या-क्या चल रहा था। कर्तव्य पथ बनने के बाद वे लोग भी दबी जुबान में कहने लगे कि अच्छा हुआ है।
इस दौरान ’भारत मंडपम’ में सांस्कृतिक प्रदर्शन का भी आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि ये आईईसीसी कॉम्प्लेक्स दुनिया के टॉप 10 प्रदर्शनी और सम्मेलन परिसरों में से एक है। यहां सितंबर में होने वाली जी20 नेताओं की बैठक होगी।

Leave a Comment

मौसम का मिज़ाज़

India, IN
overcast clouds
73%
6km/h
98%
25°C
25°
25°
25°
Wed
24°
Thu
24°
Fri
24°
Sat
24°
Sun

About Us

हमारी वेबसाइट का प्रमुख उद्देश्य सार्वजनिक रूप से जानकारी प्रदान करना है, और हम आपको विभिन्न विषयों पर लेख और समाचार प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं।

Contact Info

Address:

Sandhya Samachar, In front of Hotel Shelter, Padav, Gwalior. 474002

Email:

info@oldsamachar.nezovix.in

Contact Number:

+91 94251 11819

© Copyright 2023 :- Sandhya Samachar, All Rights Reserved. Designed and Developed by Web Mytech