राजनीति का पॉवर सेंटर बनता ग्वालियर-चंबल अंचल
ग्वालियर। इसी साल होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने कमर कसना शुरू कर दिया है। शिवराज सिंह लाड़ली बहना के बहाने सरकारी जलसा में बड़ी रैली कर चुके हैं। केजरीवाल ग्वालियर में महारैली कर मानसून के मौसम में जमकर गरज चुके हैं। साथ ही वे दिल्ली वाली मुफ्त की सात रेवड़ियों का प्रदेश की जनता से वादा कर चुके हैं।
भाजपा और आप के बाद कॉंग्रेस भी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है। कमलनाथ प्रदेश में जमकर मेहनत कर रहे हैं और सतही तौर पर संगठन को मजबूत कर बूथ लेवल पर अपनी ताकत लगा रहे हैं। पार्टी आलाकमान ने भी प्रदेश में चुनाव जिताने के लिए अभी से प्रियंका गॉंधी को लगा दिया है। वे भी अपनी जिम्मेदारी को निभाने के लिए शिद्दत के साथ जुट गई हैं। महाकौशल में बड़ी रैली के बाद वे अब 22 जुलाई को ग्वालियर के मेला मैदान में बड़ी रैली का आयोजन कर हुंकार भरेंगी। आपको बता दें कि प्रियंका गांधी ने प्रदेश में कांग्रेस को जिताने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले रखी है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में वे हर हाल में कांग्रेस को जीत दिलाने के दिन-रात एक करेंगी और प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा रैली करेंगी। उनका ध्यान सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल अंचल पर रहेगा। कारण स्पष्ट है कि यह अंचल राजनीति का पॉवर सेंटर जो बन गया है। ऐसे सभी दलों को अब प्रियंका गॉधी की रैली का इंतजार है। वे उनकी राजनीति ताकत को भांपना चाहेंगे। वहीं प्रियंका गॉंधी इस दौरान भरी सभा में अपनी पॉंच गारंटी का भी ऐलान करेंगी। कांग्रेस की पांच गांरटी इन दिनों चुनाव से पहले ही जनता के बीच खासी चर्चित हो चुकीं हैं। अब देखना होगा कि प्रियंका गॉधी की रैली अंचल का मिजाज बदलने में कितना कामयाब होती है?
पॉच गांरटी का करेंगी ऐलान
प्रतिमाह महिलाओं को 1500 रुपए प्रदान किए जाएंगे।
100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट होगीं हाफ।
गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा।
बचे हुए किसानों के कर्जमाफ किए जाएंगे।
प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।