प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अमेरिका की यात्रा पर रवाना हो गए। इस बार वे दूसरी बार अमेरिकी संसद को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही सबसे ज्यादा संसद को संबोधित करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। आइए, जानते हैं अभी तक मोदी ने कितनी संसद को संबोधित किया और देश के अन्य प्रधानमंत्रियों की भी देखते हैं पूरी सूची।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को चार दिवसीय अमेरिकी यात्रा के लिए रवाना हो गए। प्रधानमंत्री की यह पहली अमेरिकी राजकीय यात्रा है। वहीं, यह उनकी छठी अमेरिकी यात्रा है।
राष्ट्रपति जो बाइडेन और अमेरिका की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन के आमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका की यात्रा पर गए हैं। इस बार वे अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के संयुक्त सत्र को दूसरी बार संबोधित करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बन एक नया इतिहास रचेंगे।
2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी 9 वर्षों में 11 विदेशी संसद को संबोधित कर चुके हैं। विदेशी संसद में पीएम मोदी
इन देशों की संसद को किया संबोधित
2014 : भूटान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया और फिजी की संसद को संबोधित किया।
2015 : श्रीलंका, मंगोलिया, ब्रिटेन और अफगानिस्तान की संसद को संबोधित किया।
2016 : अमेरिकी कॉग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया।
2018 : युगांडा की संसद को संबोधित किया।
2019 : मालद्वीप की संसद को संबोधित किया।
2023 : अब 22 जून को दूसरी बार अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।
विदेशी संसद को संबोधित करने वाले अन्य प्रधानमंत्री
भारत के अन्य प्रधानमंत्रियों ने भी विदेशी संसद को संबोधित किया। सबसे प्रमुख बात यह है कि मोदी सबसे ज्याद संसद को संबोधित करने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। 22 जून को मोदी 12वीं बार विदेशी संसद को संबोधित करेंगे।
दूसरे स्थान पर आते हैं प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह। जिन्होंने 10 वर्षों में सात बार विदेशी संसद को संबोधित किया। वहीं, तीसरे स्थान पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हैं, जिन्होंने चार बार विदेशी संसद को संबोधित किया।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और राजीव गांधी ने दो-दो बार विदेशी संसद को संबोधित किया। मोरारजी देसाई और वीपी सिंह ने एक-एक बार विदेशी संसद को संबोधित किया।
अमेरिकी संसद को संबोधित करने वाली मोदी छठवें प्रधानमंत्री
अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को संबोधित करने वाले मोदी छठवें प्रधानमंत्री हैं। सबसे पहले 1949 में प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था। 1985 में राजीव गांधी को अमेरिकी संसद से संबोधित किया। 1994 में पीवी नरसिम्हा राव ने कांग्रेस संसद को संबोधित किया। 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी ने अमेरिकी संसद को संबोधित किया। 2005 में मनमोहन सिंह ने संबोधित किया। इसके बाद साल 2016 में मोदी ने पहली बार अमेरिकी संसद को संबोधित किया। अब 22 जून को वो दूसरी बार संबोधित कर नया कीर्तिमान रचने वाले हैं।