प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गॉधी के बयान को हवाला देते हुए कहा कि देश की ग्रैंड ओल्ड पार्टी कॉग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। क्योंकि पार्टी 85 फीसदी भ्रष्टाचार से ही चलती है।
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष भारतीय जनता पार्टी की ओर से महीने भर चलाए जाने वाले अभियान का अजमेर में आगाज किया। ?
सर्व प्रथम प्रधानमंत्री ने बुधवार को पुष्कर में ब्रह्माजी के मंदिर में पूजा अर्चना की और फिर अजमेर में विशाल जनसभा को संबोधित किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देवी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म जयंती भी है। राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्यपथ की दिशा दिखाने के लिए देवी अहिल्या जी को देश हमेशा याद रखेगा। मैं देवी अहिल्याबाई होल्कर जी को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि देता हूं।
ब्रह्मा जी ने की सृष्टि की रचना
मोदी ने कहा कि मुझे आज तीर्थराज पुष्कर जाने का सौभाग्य मिला। हमारे शास्त्रों में ब्रह्मा जी को सृष्टि का रचयिता कहा गया है। ब्रह्मा जी के आशीर्वाद से आज भारत में नव निर्माण का दौर चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के नौ साल भी पूरे हो गए हैं। भाजपा सरकार के ये नौ साल देशवासियों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं।
कांग्रेस पर बोला जमकर हल्ला
प्रधानमंत्री ने इसी बीच कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़कें बनाने से भी डरती थी। बड़े-बड़े शहरों में आए दिन आतंकी हमले होते थे। प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी, कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस की ’गरीबों को भरमाओ, गरीबों को तरसाओ’ वाली नीति रही है। राजस्थान के लोगों ने भी इसका बहुत बड़ा नुकसान उठाया है।
आज पूरी दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है। दुनिया के बड़े एक्सपर्ट्स ये बोल रहे हैं कि भारत अति गरीबी को समाप्त करने के बहुत निकट है।
कॉग्रेस ने किया सैनिकों से धोखा
कांग्रेस ने सैनिकों के साथ भी धोखा किया है। ये कांग्रेस ही है, जो ’वन रैंक वन पेंशन’ के नाम पर हमारे पूर्व सैनिकों से विश्वासघात करती रही। भाजपा सरकार ने ना सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया, बल्कि पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे देश में विकास के काम के लिए पैसे की कमी कभी भी नहीं रही है, लेकिन ये बहुत जरूरी होता है कि जो पैसा सरकार भेजे, वो पूरा का पूरा विकास के कार्यों में लगे, लेकिन कांग्रेस ने अपने शासन में देश का खून चूसने वाली ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बना दी थी, जो देश के विकास को खाए जा रही थी।
कॉग्रेस का काम था कमीशन खाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसे भेजती है तो उसमें से 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। कांग्रेस हर योजना में 85 फीसदी कमीशन खाने वाली पार्टी है। मोदी ने कहा कि जब लूट की बात होती है तो कांग्रेस किसी में भेदभाव नहीं करती है। कांग्रेस देश के हर नागरिक को… गरीब, शोषित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग सबको समान भाव से लूटती है।
देश की हर सफलता के पीछे भारत के लोगों की मेहनत है, भारत के लोगों का पसीना है। ये भारत के लोग ही हैं जिन्होंने महामारी के बाद देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। ये भारत के लोग ही हैं, जिनकी वजह से आज दुनिया कह रही है कि ये दशक भारत का दशक है, ये सदी भारत की सदी है।