भारत के प्रीशियस मेटल मार्केट में 2 दिसंबर को जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जहां सोना और चांदी दोनों ने नया रिकॉर्ड बना दिया। ग्लोबल डिमांड में तेजी और चांदी की कमी के कारण मार्केट में लंबी छलांग देखने को मिली है। चांदी की कीमतों में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो देश के कई शहरों में 1.96 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में चांदी लगभग 1.88 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है, जबकि हैदराबाद और केरल में यह अपने अब तक के उच्चतम स्तर 1.96 लाख रुपये प्रति किलो को छू चुकी है। स्थानीय बाजारों में बढ़ती मांग और सीमित सप्लाई की वजह से अलग-अलग शहरों में दामों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है।
सोने ने भी इस तेजी में बड़ा योगदान दिया है। राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट गोल्ड 1,28,800 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,17,981 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है। इंटरनेशनल मार्केट में मजबूती और निवेशकों की सुरक्षित एसेट में दिलचस्पी बढ़ने से सोने के दामों में लगातार तेजी बरकरार है।
MCX के मुताबिक
MCX पर सुबह 10 बजे तक सोना 1,27,427 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा, जहां दिन का लो 1,27,350 और हाई 1,27,593 दर्ज किया गया। चांदी ने यहां भी सोने से तेज रफ्तार दिखाई और 1,74,701 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करते हुए 1,76,198 रुपये तक हाई बनाया।
पिछले 24 घंटों में चांदी ने सोने को भी पीछे छोड़ दिया है। चांदी की कीमत एक ही दिन में 10,821 रुपये उछलकर 1,64,359 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 1,75,180 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 24 कैरेट सोना 2,209 रुपये की बढ़त के साथ 1,28,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि 18 कैरेट सोना 96,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर टिक गया है। लगातार बढ़ती कीमतें संकेत दे रही हैं कि आने वाले दिनों में भी मार्केट में उतार-चढ़ाव तेज बना रह सकता है, इसलिए निवेशकों को खरीदारी से पहले शहरवार कीमतों की जांच जरूर करनी चाहिए।