बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार महागठबंधन के भीतर ही मुकाबला दिलचस्प मोड़ ले चुका है। कुल 243 सीटों पर चुनाव होने हैं, लेकिन गठबंधन के दलों ने 256 उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। यानी 13 सीटों पर सहयोगी दल आपस में ही आमने-सामने हैं। इन सीटों पर महागठबंधन के भीतर “फ्रेंडली फाइट” देखने को मिल रही है — यानी एक ही मोर्चे के दो उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।
इन 13 सीटों में 6 पर RJD बनाम कांग्रेस, 4 पर कांग्रेस बनाम CPI, 2 पर RJD बनाम VIP, और 1 सीट पर कांग्रेस बनाम IIP के उम्मीदवार आमने-सामने हैं।
कितनी सीटों पर कौन सी पार्टी लड़ रही है
बिहार चुनाव में महागठबंधन के प्रमुख घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा तो तय हो गया था, लेकिन टिकट वितरण के बाद कई सीटों पर टकराव की स्थिति बन गई है।
| राजद (RJD) | 143 सीटें |
| कांग्रेस (INC) | 62 सीटें |
| भाकपा (माले) | 20 सीटें |
| VIP (विकासशील इंसान पार्टी) | 15 सीटें |
| CPI (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) | 9 सीटें |
| CPM (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) | 4 सीटें |
| IIP (इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी) | 3 सीटें |
कुल मिलाकर 256 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि विधानसभा सीटें केवल 243 हैं। यानी 13 सीटों पर महागठबंधन के साथी एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोंक रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर है, इसलिए संभावना है कि कुछ सीटों पर उम्मीदवार पीछे हटें और फ्रेंडली फाइट वाली सीटों की संख्या घटे। इसका उदाहरण सोमवार को देखने को मिला, जब लालगंज सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आदित्य राजा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। यहां राजद से शिवानी शुक्ला मैदान में हैं।
RJD बनाम कांग्रेस की 6 सीटों पर मुकाबला
महागठबंधन के दो बड़े सहयोगी — राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस — के बीच छह सीटों पर सीधा टकराव है।
1. कहलगांव — कांग्रेस से प्रवीण कुशवाहा, RJD से रजनीश भारती
2. सुल्तानगंज — RJD से चंदन सिन्हा, कांग्रेस से ललन यादव
3. नरकटियागंज — कांग्रेस से शाश्वत केदार पांडे, RJD से दीपक यादव
4. वैशाली — कांग्रेस से इंजीनियर संजीव सिंह, RJD से अजय कुशवाहा
5. सिकंदरा — कांग्रेस से विनोद चौधरी, RJD से उदय नारायण चौधरी (पूर्व विधानसभा अध्यक्ष)
6. वारसलीगंज — कांग्रेस से सतीश कुमार, RJD से अनीता कुमारी (बाहुबली अशोक महतो की पत्नी)
कांग्रेस बनाम CPI की 4 सीटों पर भिड़ंत
महागठबंधन में वामपंथी दलों के साथ तालमेल के बावजूद कांग्रेस और CPI के उम्मीदवार चार सीटों पर आमने-सामने हैं।
1. राजापाकर — कांग्रेस से प्रतिमा कुमारी, CPI से मोहित पासवान
2. बछवारा — कांग्रेस से शिव प्रकाश गरीबदास, CPI से अवधेश राय
3. बिहार शरीफ — कांग्रेस से आमिर खान, CPI से शिव कुमार यादव
4. करगहर — कांग्रेस से संतोष मिश्रा, CPI से महेंद्र गुप्ता
RJD बनाम VIP की 2 सीटों पर टक्कर
RJD और उसकी सहयोगी पार्टी VIP (विकासशील इंसान पार्टी) के बीच दो सीटों पर सीधी जंग है।
1. बाबू बरही — VIP से बिंदु गुलाब यादव, RJD से अरुण कुशवाहा
2. चैनपुर — VIP से बालगोविंद बिंद, RJD से बृजकिशोर बिंद
कांग्रेस बनाम IIP की 1 सीट पर मुकाबला
- महागठबंधन की नई सहयोगी इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (IIP) ने भी कांग्रेस के खिलाफ एक सीट पर मोर्चा खोला है।
- बेलदौर — कांग्रेस से मिथिलेश निषाद, IIP से अनीशा चौहान