अब गंदे टॉयलेट पर मिलेगी इनाम की बरसात! NHAI का अनोखा अभियान — फोटो भेजो, ₹1000 का फास्टैग रिचार्ज पाओ

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

अब गंदे टॉयलेट पर मिलेगी इनाम की बरसात! NHAI का अनोखा अभियान — फोटो भेजो, ₹1000 का फास्टैग रिचार्ज पाओ

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने स्वच्छ भारत मिशन को नई दिशा देने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की है। इस अभियान का नाम ‘स्पेशल क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज’ रखा गया है। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यात्रियों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे यदि किसी टोल प्लाजा या राजमार्ग पर गंदा शौचालय देखते हैं, तो उसकी फोटो लेकर रिपोर्ट करें — और बदले में ₹1000 का फास्टैग रिचार्ज इनाम पाएं।

यह अभियान देशभर के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। एनएचएआई का कहना है कि इस अभियान का मकसद लोगों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना और सड़क किनारे सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति में सुधार लाना है।

ऐसे करें शिकायत

शिकायत करने के लिए उपयोगकर्ताओं को ‘राजमार्ग यात्रा’ (RajmargYatra) ऐप का नवीनतम संस्करण डाउनलोड करना होगा।

  • उपयोगकर्ता को जियो-टैग्ड (लोकेशन सहित) तस्वीर अपलोड करनी होगी।
  • शिकायत में नाम, स्थान, वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा।
  • शिकायत सही पाए जाने पर शिकायतकर्ता के FASTag खाते में ₹1000 का रिचार्ज भेज दिया जाएगा।

यह इनाम नकद में नहीं मिलेगा और किसी अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा।

Also Read

ये नियम भी जान लें

एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल उन्हीं शौचालयों पर लागू होगा जो NHAI के अधिकार क्षेत्र में निर्मित और संचालित हैं।

  • ढाबों, पेट्रोल पंपों या निजी संपत्तियों पर स्थित टॉयलेट इस योजना में शामिल नहीं होंगे।
  • एक वाहन पंजीकरण संख्या पूरी योजना अवधि में सिर्फ एक बार इनाम के लिए पात्र होगी।
  • किसी एक शौचालय के लिए एक ही दिन में कई रिपोर्ट आने पर सिर्फ पहली वैध रिपोर्ट को ही पुरस्कार के लिए चुना जाएगा।
  • केवल स्पष्ट, जियो-टैग और टाइम-स्टैम्प वाली तस्वीरें ही मान्य होंगी। छेड़छाड़ की गई, डुप्लिकेट या पहले से रिपोर्ट की गई तस्वीरें अस्वीकार कर दी जाएंगी।

अभियान का उद्देश्य

NHAI का यह अभियान न सिर्फ स्वच्छता को बढ़ावा देगा बल्कि यात्रियों को राष्ट्रीय राजमार्गों की सुविधाओं की निगरानी में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेगा। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि देशभर के टोल प्लाजा और हाइवे पर यात्रियों को साफ-सुथरी और स्वास्थ्यकर सुविधाएं मिलें।

Top Stories
Related Post