केंद्रीय कर्मचारियों को दशहरा और दीवाली से पहले मोदी सरकार की ओर से बड़ा तोहफ़ा मिला है। वित्त मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (Non-PLB) या एडहॉक बोनस की घोषणा कर दी है। मंत्रालय के व्यय विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक ऑफिस मेमोरेंडम जारी किया है।
इस घोषणा से लाखों कर्मचारियों और अर्धसैनिक बलों के कर्मियों को फायदा मिलेगा। बोनस की राशि 30 दिन की सैलरी के बराबर होगी।
बोनस की मांग पर सरकार का ऐलान
कन्फेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट इंप्लाईज एंड वर्कर्स ने 23 सितंबर को वित्त मंत्री को चिट्ठी लिखकर बकाया डीए/डीआर और बोनस की मांग उठाई थी। इसी पत्र के बाद मंत्रालय ने 29 सितंबर को एडहॉक बोनस का ऐलान कर दिया। हालांकि, बकाया डीए/डीआर पर फैसला आना अभी बाकी है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?
जारी आदेश के मुताबिक:
- ग्रुप-सी के सभी केंद्रीय कर्मचारी पात्र होंगे।
- ग्रुप-बी के नॉन-गैजेटेड कर्मचारी, जो किसी प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस स्कीम के तहत नहीं आते, उन्हें भी बोनस मिलेगा।
- केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के पात्र कर्मियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
- केंद्र शासित प्रदेशों के वे कर्मचारी भी शामिल होंगे, जो केंद्र के वेतनमान के पैटर्न का पालन करते हैं, बशर्ते वे किसी अन्य बोनस या एक्स-ग्रेशिया स्कीम के तहत कवर न हों।
बोनस पाने की शर्तें
- जिन कर्मियों ने 31 मार्च 2025 तक सेवा दी होगी या कम से कम 6 महीने लगातार काम किया होगा, वे पात्र होंगे।
- 6 महीने से कम सेवा देने वालों को बोनस प्रो-राटा बेसिस पर मिलेगा, यानी जितने महीने काम किया, उतने महीने के हिसाब से बोनस।
- एड-हॉक कर्मचारी, जिनकी सर्विस में कोई रुकावट नहीं है, उन्हें भी फायदा मिलेगा।
- कैजुअल लेबर, जिन्होंने पिछले 3 सालों में निर्धारित कामकाजी दिन पूरे किए हैं, उन्हें भी बोनस मिलेगा। इनके लिए तय राशि ₹1,184 रखी गई है।
कितना मिलेगा एडहॉक बोनस?
ऑफिस मेमोरेंडम के मुताबिक:
- बोनस की कैलकुलेशन के लिए 7000 रुपये मासिक वेतन की अधिकतम सीमा तय की गई है।
- बोनस की राशि या तो कर्मचारी की एवरेज सैलरी पर आधारित होगी या 7000 रुपये की सीमा पर – जो भी कम हो।
- जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन ₹1200 से कम है, उनके लिए बोनस की गणना वास्तविक वेतन पर की जाएगी।
गणना का तरीका:
- एक साल की औसत सैलरी ÷ 30.4 (एक महीने के औसत दिन) × 30 दिन।
- उदाहरण: यदि किसी कर्मचारी की मासिक सैलरी 7000 रुपये है तो उसका 30 दिन का बोनस करीब ₹6908 बनेगा।
त्योहारों से पहले राहत
त्योहारी सीजन में सरकार का यह फैसला केंद्रीय कर्मचारियों और सुरक्षाबलों के परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। दशहरा और दीवाली जैसे बड़े त्योहारों पर यह बोनस सीधा लोगों की जेब में अतिरिक्त राहत लाएगा और बाजार में भी रौनक बढ़ाएगा।