Sandhya Samachar

हजीरा अस्पताल में मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सेवा

47 views

ऊर्जा मंत्री तोमर की सिविल अस्पताल को बड़ी सौगात, आईसीयू, सीटी स्कैन व अल्ट्रासोनोग्राफी सेवाओं का हुआ लोकार्पण
स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में स्थापित नवीन सेवाओं का मंत्री ने अपनी मां सुधा तोमर के कर कमलों से कराया शुभारंभ

ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा के लिएं चार जनवरी शनिवार का दिन सौगातों वाला साबित हुआ। क्योंकि अस्पताल में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े आयाम जो जुड़ गए, जो आमजन के लिए स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होंगे। यह सब संभव हुआ है जनसेवा की मिसाल कायम करने वाले प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के अथक प्रयासों से।
जिसके परिणाम स्वरूप अब अस्पताल में आने वाले मरीजों को 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन, अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) की सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
श्री हाकिम सिंह, देवेंद्र सिंह तोमर स्मृति न्यास ग्वालियर एवं जन सहयोग से ऊर्जा मत्री तोमर ने अपने भाई स्व. देवेंद्र सिंह तोमर की स्मृति में इन सेवाओं का सिविल अस्पताल में विस्तार कराया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये यह अस्पताल सही मायने में मानव सेवा के मंदिर का रूप ले रहा है।

शनिवार को ऊर्जा मंत्री तोमर ने अपनी माताश्री सुधा तोमर के कर कमलों से सिविल अस्पताल हजीरा में सीटी स्कैन व अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन एवं आईसीयू का शुभारंभ कराया। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर एवं मौके पर जाकर लोकार्पण व शुभारंभ किया।
साथ ही इस पुनीत अवसर पर पूरे जनवरी माह तक आयोजित होने जा रहे निःशुल्क नेत्र शिविर एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी सिविल अस्पताल में हुआ।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कार्यक्रम में घोषणा की कि सभी के साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल में कैथ लैब (हृदय रोग चिकित्सा इकाई) की स्थापना भी कराई जायेगी।
ये अतिथि बने पुनीत क्षण के साक्षी
मानव सेवा के लिए समर्पित इन पुनीत क्षण के साक्षी के तौर पर
महापौर शोभा सिकरवार, नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एके चौरसिया व उप महाप्रबंधक अभिनव चौकसे, जिला पंचायत के सीईओ विवेक कुमार, नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव, क्षेत्रीय पार्षद अनीता रत्नाकर, सेवानिवृत सिविल सर्जन डॉ. एस के श्रीवास्तव, कैंसर चिकित्सालय व शोध संस्थान के प्रमुख डॉ. बीआर श्रीवास्तव एवं चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अपनों को है बचाना तो शहर को है स्वच्छ बनाना
ऊर्जा मंत्री तोमर ने बड़े मार्मिक और प्रेरणादायी अंदाज में अपने उदबोधन की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि आज हम आप सबसे कुछ मांगने आए हैं। हमारी आप सबसे याचना है कि अपने शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लें, जिससे हमारा कोई भी परिजन और मित्र गंदगी की वजह से फैलने वाली बीमारियों से ग्रसित न हो। हम शहर को इतना साफ-सुथरा रखें कि गंदगी की वजह से हमारे बच्चों के कंधों पर बस्ते की जगह ऑक्सीजन सिलेण्डर होने की नौबत न आए।
तोमर ने आह्वान किया कि शहर को साफ-सुथरा रखने में न केवल स्वयं योगदान दें अपितु दूसरों को भी प्रेरित करें। अगर हम साझा प्रयास करेंगे तो निश्चित ही हमारा शहर स्वच्छता में अव्वल बनेगा। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि पहले चरण में पाताली हनुमान से कांचमिल तक ग्रीन कोरीडोर बनायेंगे।
बिना इलाज के लौट न पाए मरीज

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हम सबके ऐसे प्रयास हों कि सिविल अस्पताल हजीरा में हर प्रकार की बीमारी का इलाज हो। अस्पताल के दरवाजे से कोई भी व्यक्ति बिना इलाज के लौटने न पाए। इसके लिये सभी लोग एकजुट होकर अस्पताल में नई-नई स्वास्थ्य सुविधायें जोड़ने में योगदान दें। आप सबके द्वारा दिया गया एक रूपए का दान भी महत्वपूर्ण होगा। जो आर्थिक रूप से मदद नहीं कर पा रहे हैं वे श्रमदान करें, जिससे सभी को यह महसूस हो कि यह अस्पताल उनका अपना अस्पताल है।
उन्होंने हजीरा अस्पताल के कायाकल्प में योगदान देने वाले एक-एक व्यक्ति को याद करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने सिविल अस्पताल हजीरा के सभी वर्तमान डॉक्टर व पैरामेडीकल स्टाफ, सफाई मित्र एवं सेवानिवृति के बावजूद अस्पताल में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों के प्रति भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन का रहा योगदान
ऊर्जा मंत्री तोमर की पहल पर पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने सीएसआर मद से तीन करोड़ रूपए की धनराशि सिविल अस्पताल हजीरा में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिये उपलब्ध कराई है। इस मद से 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन खरीदी गई है। साथ ही फर्नीचर व एसी और दो कक्षों का नवीनीकरण किया गया है।

जन सहयोग के फंड से शुरू हुई आईसीयू

सिविल अस्पताल हजीरा के कायाकल्प के लिये ऊर्जा मंत्री तोमर समर्पित भाव से जुटे हैं। उनके प्रयासों से अस्पताल में आईसीयू शनिवार को शुरू हुआ है। यहाँ पर बच्चों का आईसीयू पहले से ही सफलतापूर्वक संचालित है। इसके अलावा अस्पताल में डायलेसिस, एक्स-रे डिजिटल, ब्लड स्टोरेज यूनिट, पैथोलॉजी, यूसीजी, सर्जरी-जनरल ऑर्थों, टीबी यूनिट, फिजियो थैरेपी, नेत्र ओपीडी व ऑपरेशन, आकस्मिक सेवाएं, पुरुष, महिला व बाल रोगियों के अलग-अलग वार्ड एवं किचिन इत्यादि सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
सिविल अस्पताल हजीरा की ओपीडी में औसतन एक हजार से लेकर 1500 मरीजों का ऑपरेशन हो रहा है।
पहले दिन मिला 14 लाख का दान
सिविल अस्पताल हजीरा में आयोजित हुए आईसीयू एवं सीटी स्कैन मशीन के शुभारंभ कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री तोमर ने अपने बड़े भाई को याद करते हुए मार्मिक उदबोधन का कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों पर गहरा असर हुआ। उनके आह्वान पर देखते ही देखते रोगी कल्याण समिति की दान पेटी व खाते में 14 लाख रूपए जमा हो गए। सुरेश सिंह यादव व सुनील यादव ने अस्पताल के आधुनिकीकरण के लिये 5 लाख रूपए का दान दिया। इसके लिये उन्हें मंच से सम्मानित किया गया। अस्पताल के लिये राजा भैया गुर्जर ने एक लाख 51 हजार व संदीप सिंह राजावत ने 51 हजार रूपए दान में दिए हैं। अस्पताल के लिये 21 हजार रूपए देने वाले दानदाताओं में अजीत कुमार जैन, ए के सक्सेना, जितेन्द्र सिंह तोमर व प्रदीप सिंह सिकरवार शामिल हैं।
कलेक्टर ने दिए 11 हजार दान
कलेक्टर रुचिका चौहान ने अधिकारियों की ओर से सबसे पहले दान के लिये आगे आईं। उन्होंने क्यूआर कोड के जरिए 11 हजार रूपए दान किए। इसी क्रम में डीआईजी अमित सांघी, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अमन वैष्णव, एसडीएम अतुल सिंह, सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास धीरेन्द्र सिंह जादौन, विद्युत वितरण कंपनी के एसई दिनेश सुखीजा एवं डीई राजकुमार मालवीय व अभिषेक शर्मा ने भी 11-11 हजार रूपए दान किए। इनके अलावा 11-11 हजार रूपए दान करने वाले दान दाताओं में सर्वश्री जगजीत सिंह राणा, पीआर कदम, सतेन्द्र सिंह तोमर, तरुण गोयल, उमेश शर्मा, राजीव गुप्ता, डॉ. धर्मवीर यादव, शिवमंगल सिंह तोमर, भगवानदास प्रजापति, अब्दुल वारिश नवाब, एल के दुबे, अशोक सिंह हरदौल, सुरेन्द्र सिंह राठौर, गौरीशंकर धाकड़, विनोद कटारे, वीरेन्द्र सिंह यादव, विक्रम तोमर व संदीप सिंह सिकरवार शामिल हैं। इसी तरह सर्वश्री नितिन छीपा, नितिन मांगलिक, शकुंतला सिंह परिहार, दर्शन पाठक व आलोक परिहार द्वारा 10-10 हजार रूपए दान किए गए। इनके अलावा अनेक लोगों ने 51 सौ और 21 सौ तथा अपनी इच्छानुसार दान देकर सहभागिता निभाई।

दो दर्जन लोगों ने किया रक्तदान
इस दौरान स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में पहले दिन दो दर्जन से अधिक लोगों ने रक्तदान किया। ऊर्जा मंत्री तोमर ने सभी रक्तदाताओं से भेंट कर उनके प्रति आभार जताया। तो चिकित्सकों ने उन्हें प्रमाण-पत्र भेंट किए।
जनकल्याण संघर्ष समिति ने भेंट की 5 व्हील चेयर
सिविल अस्पताल हजीरा में आने वाले मरीजों को आवागमन में बाधा न हो और वे आसानी से इलाज व जांच करा सकें, इसके लिए जनकल्याण संघर्ष समिति द्वारा अस्पताल को 5 व्हील चेयर सौंपी गईं।

posted by: विजय पाण्डेय

Leave a Comment

मौसम का मिज़ाज़

India, IN
broken clouds
34%
6.4km/h
71%
36°C
36°
36°
36°
Sun
28°
Mon
27°
Tue
28°
Wed
29°
Thu

About Us

हमारी वेबसाइट का प्रमुख उद्देश्य सार्वजनिक रूप से जानकारी प्रदान करना है, और हम आपको विभिन्न विषयों पर लेख और समाचार प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं।

Contact Info

Address:

Sandhya Samachar, In front of Hotel Shelter, Padav, Gwalior. 474002

Email:

info@oldsamachar.nezovix.in

Contact Number:

+91 94251 11819

© Copyright 2023 :- Sandhya Samachar, All Rights Reserved. Designed and Developed by Web Mytech