भोपाल। डेढ़ दशक से अलग जिला बनाने की मांग कर रहे लोगों के लिए होली के पहले ही खुशियों की बहार लाने वाली अच्छी खबर है। शिवराज सरकार ने मऊगंज के लोगों को बड़ा तोहफा दे दिया है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को रीवा के मऊगंज में आयोजित संबल योजना के कार्यक्रम यह बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मऊगंज को अलग जिला बनाया जा रहा है, इसका मैं नक्शा भी लेकर आया हूं। 15 अगस्त को मऊगंज जिला मुख्यालय पर झंडा फहराया जाएगा।
रीवा जिले के कलेक्टर ने मऊगंज को जिला बनाने का प्रस्ताव राजस्व मंत्रालय के सचिव को भेजा था। मंत्रालय से मंजूरी के बाद रीवा जिले में शामिल मऊगंज अब अलग जिला होगा। चार तहसीलों को मिलाकर इसे नया जिला बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इसका नक्शा भी जारी किया है। इधर, विंध्य क्षेत्र के ही मैहर को भी जिला बनाए जाने की मांग काफी समय से चल रही है।