ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लापता 3 वर्षीय राधा कासगंज से सकुशल बरामद, अपहरणकर्ता महिला गिरफ्तार

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लापता 3 वर्षीय राधा कासगंज से सकुशल बरामद, अपहरणकर्ता महिला गिरफ्तार

ग्वालियर रेलवे स्टेशन से लापता हुई 3 साल की मासूम राधा को जीआरपी पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्ची को उत्तर प्रदेश के कासगंज से बरामद किया गया, जहां उसे आरोपी महिला ने अपनी बेटी के घर छोड़ दिया था। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

25 अगस्त को हुआ था अपहरण

यह घटना 25 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे की है। दतिया निवासी रोशनी अपनी बेटी राधा के साथ ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची थी। नए फुटओवर ब्रिज से उतरते समय रोशनी को अचानक पेट में दर्द हुआ। उसने राधा को सीढ़ियों पर बैठाया और खुद टॉयलेट चली गई। कुछ ही देर  बाद लौटने पर बच्ची वहां से गायब थी।

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी

Also Read

मां की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक महिला और युवक बच्ची को ले जाते हुए नजर आए। इसके बाद तीन विशेष टीमें बनाई गईं और अपहरणकर्ताओं की तलाश तेज की गई।

आरोपी महिला ने कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी बेटी कासगंज में रहती है और उसकी कोई संतान नहीं है। इसी वजह से वह बच्ची का अपहरण कर अपनी बेटी को सौंप आई थी। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम सोमवार रात कासगंज पहुंची और राधा को बरामद कर लिया।

ग्वालियर लाई जाएगी बच्ची

पुलिस टीम बच्ची और आरोपी महिला की बेटी को अपनी निगरानी में लेकर ग्वालियर रवाना हो चुकी है। बुधवार सुबह उन्हें ग्वालियर लाया गया ; पुलिस आरोपी महिला और उसकी बेटी से विस्तृत पूछताछ करेगी। साथ ही, सीसीटीवी में दिखे युवक की पहचान और भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Top Stories
Related Post