मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव कल सुबह 9:30 बजे ग्वालियर पहुंचे, ग्वालियर एयरपोर्ट पर उनका भव्य तरीके से स्वागत किया गया। पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी की मां भाग्यवती देवी के निधन पर श्रद्धांजलि देने के लिए वे विशेष रूप से ग्वालियर है।
एयरपोर्ट पर सीएम ने क्या कहा ?
ग्वालियर के एयरपोर्ट पर पहुंचकर मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश का वन समृद्ध हो रहा है। बोत्सवाना से 9 चीते लाए गए हैं, अब हमारे यहां चीतों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। इसने मध्य प्रदेश की साख बढाई है, वाइल्ड लाइफ की दुनियां में मध्य प्रदेश का नाम हुआ है। एशिया महाद्वीप से जो चीता विलुप्त हुआ था आज वह मध्य प्रदेश में आबाद हो रहा है। इसके साथ ही अब मध्य प्रदेश टाइगर, लैपर्ड, चीता और घड़ियाल की संख्या में देश मे नंबर वन हो गया है।
पर्यटन, वाइल्ड लाइफ के जरिए लोगों को रोजगार मिलेगा, इसमे चंबल का इलाका सबसे समृद्ध है। इसका सभी को लाभ मिले यह हमारी कोशिश है। साथ ही CM डॉ. मोहन यादव ने प्रीतम लोधी की माता भाग्यवती देवी के निधन पर श्रद्दांजलि देने की बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ग्वालियर एयरपोर्ट से सीधे पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी की माता भाग्यवती देवी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री उनके परिवार से मिले और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।